हरिद्वार। गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत सोमवार को ग्राम कटारपुर स्थित गौ तीर्थ के इंद्रप्रस्थ गार्डन में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के प्रथम एवं द्वितीय चरण की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तैयार की गई।बैठक में निर्णय लिया गया कि 17 दिसंबर 2026 को गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने, गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन की मांग को लेकर प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, उत्तराखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और प्रदेश के मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन भेजे जाएंगे।

इस अवसर पर हस्ताक्षर अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने और अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है।
वृंदावन से पहुंचे संतों ने अपने आशीर्वचनों में गौ संरक्षण के लिए जनजागरण को आवश्यक बताते हुए अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में बलराम कश्यप, मनोज कश्यप, पवन भगवा, विनोद कश्यप, राजकुमार, राजेश रस्तोगी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं गौभक्त उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को व्यापक जनसमर्थन दिलाने और 17 दिसंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।
