देहरादून। सचिव लोक निर्माण विभाग पंकज पाण्डेय ने जिलाधिकारी सविन बंसल एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ शहर में रोड कटिंग के बाद किए जा रहे रेस्टोरेशन कार्यों का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने सुबह 6 बजे से विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों का स्थलीय जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दिलाराम चौक, हाथीबड़कला, साई मंदिर, नागल रोड, कैनाल रोड, आईटी पार्क, सहस्त्रधारा रोड, धर्मपुर चौक, रिस्पना पुल, दून विश्वविद्यालय क्षेत्र, आईएसबीटी, शिमला बाईपास चौक, निरंजनपुर मंडी, बल्लूपुर चौक, बिंदाल पुल सहित कई स्थानों का निरीक्षण किया गया।
सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि निर्माण कार्यों के चलते आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी कार्य तय समयसीमा में पूरे किए जाएं। अधिकांश स्थानों पर सड़क पुनर्स्थापन कार्य संतोषजनक पाया गया, लेकिन कुछ जगहों पर कार्य अधूरा मिला और सड़क पर मलबा भी देखा गया, जिससे आवागमन प्रभावित हो सकता है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि रोड कटिंग की अनुमति देते समय सभी शर्तों का कड़ाई से पालन कराया जाए। कार्य पूर्ण होने के बाद तुरंत गुणवत्तापूर्ण रेस्टोरेशन और मलबे का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। निर्देशों का उल्लंघन करने वाली एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि जनहित में रोड कटिंग की अनुमति दी जाती है, जिसके लिए बजट, समयसीमा और मानक तय किए गए हैं। इसके अनुपालन के लिए रोड कटिंग समिति गठित की गई है। उन्होंने कहा कि अब एजेंसियों को एक समय में केवल 2-3 स्थानों पर ही कार्य की अनुमति होगी और 15 से 21 दिन में कार्य पूर्ण करना अनिवार्य होगा।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी हरिगिरि, कुमकुम जोशी सहित लोक निर्माण विभाग और संबंधित एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे।
