मुख्य सचिव ने टिहरी में बजरंग सेतु व हिलान्स हिमालयन भोजनालय का किया निरीक्षण

 

टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने जनपद टिहरी गढ़वाल के तपोवन क्षेत्र में स्थित बजरंग सेतु का स्थलीय निरीक्षण किया।

 

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ओम प्रकाश द्वारा सेतु की इंजीनियरिंग संरचना, तकनीकी विशेषताओं एवं निर्माण संबंधी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। मुख्य सचिव ने परियोजना की प्रगति और सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

 हिलान्स हिमालयन भोजनालय का भी किया निरीक्षण

 

इसके पश्चात मुख्य सचिव ने नरेंद्रनगर विकासखंड अंतर्गत प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण किया। भोजनालय की संचालक बीना पुंडीर ने प्रतिदिन आने वाले ग्राहकों की संख्या, दैनिक बिक्री तथा वित्तीय सहयोग की जानकारी प्रस्तुत की।

उन्होंने बताया कि भोजनालय को रीप परियोजना से 6 लाख रुपये, बैंक ऋण के रूप में 3 लाख रुपये तथा सीएलएफ कंट्रीब्यूशन के तहत 1 लाख रुपये की सहायता प्राप्त हुई है।

 

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने भोजनालय परिसर के आसपास अधिकाधिक वृक्षारोपण सुनिश्चित करने और मेनू को स्पष्ट व सुव्यवस्थित रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यटकों एवं आगंतुकों को बेहतर सुविधा मिल सके।

 

मुख्य सचिव ने कहा कि स्थानीय स्तर पर पर्यटन और आजीविका से जुड़े ऐसे प्रयासों को और अधिक सशक्त किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय विकास को गति मिल सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *