पोखरी (चमोली): जनपद चमोली के पोखरी विकासखंड में ग्राम सभा बमोथ में आयोजित खुली बैठक में ग्रामीणों को पशुपालन, समाज कल्याण, केंद्रीय और राज्य वित्त, जन्म-मृत्यु पंजीकरण, यूजीसी विवाह पंजीकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था, दिव्यांग व परित्यक्ता पेंशन समेत अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। बैठक का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से सीधे लाभ पहुंचाना और उनके विकास संबंधी सुझाव प्राप्त करना था।
बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान रूचि देवी ठाकुर ने की। मौके पर पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोपाल, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी अर्चना चौधरी, ग्राम विकास अधिकारी शुभम कुमार, कनिष्ठ अभियंता नरेंद्र सिंह, रोजगार सहायक विक्रम सिंह रावत सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण, विशेषकर महिलाएं भी उपस्थित रहीं।
बैठक में ग्रामीणों ने वनीकरण, घेरबाड़, कूड़ाघर निर्माण, पम्पिंग पेयजल योजना, गोशाला निर्माण, प्रधानमंत्री आवास निर्माण, टाइल्स रास्ता निर्माण, पेयजल लाइन मरम्मत, सौंदर्यीकरण और वृद्धावस्था व विधवा पेंशन जैसे स्थानीय विकास और कल्याण कार्यों के प्रस्ताव प्रस्तुत किए। उन्होंने हफ्ते में एक दिन कूड़ा वाहन उपलब्ध कराकर पुराने कूड़ाघरों से कचरा उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी खंड विकास अधिकारी पोखरी से आग्रह किया।
इस पहल से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों में अपनी भागीदारी का अवसर मिला
