Your Website Description

देहरादून में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट बोले- जनता भाजपा के साथ

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को देहरादून में विशाल ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकालकर विपक्ष की राजनीति के खिलाफ शक्ति प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश सह प्रभारियों के नेतृत्व में आयोजित इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा नेताओं ने इसे नकारात्मक एवं अराजक राजनीति के खिलाफ जनता का स्पष्ट संदेश बताया।

सर्वे चौक के समीप मंगलादेवी इंटर कॉलेज से शुरू हुई पदयात्रा का नेतृत्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट तथा प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज ने किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, खजान दास, सतपाल महाराज, भरत चौधरी, सौरभ बहुगुणा, प्रदीप बत्रा, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, देहरादून महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल और नेहा जोशी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र को मजबूत करने और विपक्ष की कथित अराजक राजनीति के विरोध में नारेबाजी की। भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी का राजनीतिक आधार सड़क पर हुए संघर्षों और जनआंदोलनों से तैयार हुआ है। भाजपा को सत्ता के गलियारों में पली-बढ़ी पार्टी समझकर चुनौती देना विपक्ष की भूल है।

विपक्ष पर महेंद्र भट्ट का निशाना

पदयात्रा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता के विश्वास के चलते देश और प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्षी दल लगातार चुनावों में जनता से समर्थन नहीं मिलने के बाद हताशा में संवैधानिक प्रक्रियाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं।

भट्ट ने विपक्ष पर विदेशी षड्यंत्रकारियों के साथ मिलकर देश में अस्थिरता का माहौल बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में कांग्रेस और विपक्षी दलों की ओर से सड़क पर टकराव की राजनीति के जरिए अराजकता फैलाने के प्रयास किए गए हैं, जो निंदनीय हैं।

उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहस की चुनौती देने वाले विपक्षी नेता भाजपा के सामान्य कार्यकर्ता के साथ भी चर्चा करने की क्षमता नहीं रखते।

संघर्षों से खड़ी हुई है भाजपा की राजनीतिक ताकत

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष सड़क पर अराजक राजनीति के माध्यम से सत्ता परिवर्तन की धमकियां देते हैं, लेकिन उन्हें भाजपा का इतिहास याद रखना चाहिए। भाजपा ने जनसंघर्षों और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर अपना विस्तार किया है। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जनता के बीच संघर्ष करते हुए यहां तक पहुंचे हैं, न कि सत्ता के गलियारों में चक्कर लगाकर।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित पदयात्राओं में उमड़ रही भीड़ इस बात का संकेत है कि भाजपा को जनता का समर्थन प्राप्त है। सदन से लेकर सड़क तक पार्टी कार्यकर्ता जनता के मुद्दों के साथ खड़े हैं।

2027 में तीसरी बार सरकार बनाने का जताया भरोसा

महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रदेशभर में आयोजित पदयात्राओं में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी विकास, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों का उत्साह वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनने का संकेत दे रहा है।

भाजपा ने इस पदयात्रा के माध्यम से विपक्ष की नकारात्मक राजनीति के खिलाफ अपना राजनीतिक संदेश देने के साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठनात्मक सक्रियता और जनसंपर्क अभियान को भी धार देने का प्रयास किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *