देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार में जनपद स्तरीय निराश्रित गोवंश अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। बैठक में गोवंश के संरक्षण, गौशालाओं के संचालन और नए गोसदनों के निर्माण की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने नवीन गौशालाओं के निर्माण को समय-सीमा में पूर्ण करने, गौशालाओं में रहने वाले पशुओं के स्वास्थ्य, टीकाकरण, संतुलित आहार और सुरक्षित आवास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तीन गौशालाओं को राजकीय मान्यता देने पर भी चर्चा हुई और आवश्यक दस्तावेज समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
ऋषिकेश, खेरूवा, सहसपुर और प्रेमनगर में स्वीकृत निर्माण कार्यों के लिए धनराशि अवमुक्त करने और नए गोसदनों के निर्माण से जनपद में पशुओं के आश्रय की क्षमता 3,700 से बढ़ाकर 5,400 करने के निर्णय लिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, वरिष्ठ अधिकारी और अनुश्रवण समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
