गढ़वाल। जाखणीधार ब्लॉक के अंजनीसैंण के समीप बसे खूबसूरत गांव करास और कफलना में इन दिनों केपीजी फिल्म्स प्रोडक्शन के बैनर तले गढ़वाली फीचर फिल्म ‘चंद्रा’ की शूटिंग जारी है। फिल्म का निर्देशन कांता प्रसाद कर रहे हैं, और इसकी कहानी पहाड़ों से लगातार हो रहे पलायन, सूने होते घरों और अपने कुल देवी-देवताओं को भूलते इंसान की भावनाओं के इर्द-गिर्द बुनी गई है। फिल्म के कुछ दृश्य इतने मार्मिक हैं कि वे दर्शकों को अपने गांव-घर और संस्कृति की याद दिला देंगे।
गढ़वाली फिल्म ‘चंद्रा’ की शूटिंग अंजनीसैंण क्षेत्र में जारी
फिल्म की शूटिंग अंजनीसैंण, देवप्रयाग, रुद्रप्रयाग, चोपता और ओली जैसे मनमोहक स्थलों पर की जा रही है। इन दिनों करास, कफलना और अंजनीसैंण गांवों में फिल्म की शूटिंग देख बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो रहे हैं। ग्रामीणों में फिल्म को लेकर उत्साह का माहौल है, क्योंकि यह फिल्म पहाड़ी समाज के उस दर्द को उजागर करती है जो पलायन के कारण हर परिवार ने महसूस किया है। फिल्म में दिखाया गया है कि किस तरह घरों में ताले लटक रहे हैं, खेत बंजर हो चुके हैं और लोग धीरे-धीरे अपनी जड़ों से कटते जा रहे हैं।
पलायन और संस्कृति से जुड़ी मार्मिक कहानी को पर्दे पर उतार रही है ‘चंद्रा’
फिल्म में यह भी दर्शाया गया है कि गांव छोड़ने के बाद लोग अपने कुल देवी-देवताओं के प्रति अपनी जिम्मेदारी और आस्था से विमुख हो रहे हैं। निर्देशक कांता प्रसाद का कहना है कि फिल्म का उद्देश्य लोगों को अपनी मातृभूमि और परंपराओं से जोड़ना है। इसके माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि हर व्यक्ति साल में कम से कम एक बार अपने गांव लौटे, अपने घरों के ताले खोले और अपनी मिट्टी से रिश्ता बनाए रखे। बताया गया कि फिल्म की शूटिंग करीब एक माह तक विभिन्न स्थानों पर चलेगी और इसे नए साल में रिलीज किया जाएगा।

फिल्म ‘चंद्रा’ में कुलदीप असवाल, भगवती उपाध्याय, देवी सेमवाल, अर्जुन असवाल, मिनी उनियाल, सुशील पुरोहित, अनुष्का पंवार, सुनील सिंह, अंकित रौथान, आस्था रावत, मोहित थपलियाल, सुषमा व्यास, इंदु रावत, जसपाल राणा, अनुज हित, प्रकाश पांडेय, प्रताप सिंह, आस्था नेगी, हर्ष खत्री, चौन सिंह, नरेश बलोदी, धीरज रावत, दर्मियान बिष्ट, आस्था उपाध्याय, साक्षी पंवार, अर्पित, पार्थ कोटियाल, शशांक पांडेय, अक्षित, नागेंद्र प्रसाद, नितेश, अमित, रविंद्र चाहत और अमित जैसे कलाकार विभिन्न भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म का संगीत संजय कुमोला ने तैयार किया है, जबकि मीना राणा, सौरभ मैठाणी, सुशील राजश्री, कैलाश कुमार, प्रतीक्षा बमराड़ा, रेनू बाला और अंजलि खरे अपनी मधुर आवाज़ों से फिल्म के गीतों में जान डाल रहे हैं। समाजसेवी सुनील उपाध्याय ने अपने गांव में फिल्म की शूटिंग होने पर खुशी व्यक्त करते हुए पूरी टीम का स्वागत किया और कहा कि इस तरह के प्रयास स्थानीय संस्कृति को जीवित रखने के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों को भी बड़ा मंच प्रदान करते हैं।
