उत्तराखंड। परिवहन महासंघ के नेतृत्व में उत्तराखंड के गढ़वाल मंडल में आज यानी बुधवार को एक दिवसीय चक्का जाम है। ट्रकों, डंपरों, बसों, ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा यूनियनों ने मिलकर यह फैसला लिया है। यह कदम सरकार और परिवहन विभाग द्वारा ट्रांसपोर्टरों की लंबित मांगों को पूरा न करने के विरोध में उठाया गया है।
विभिन्न मांगों को लेकर आज उत्तरकशी जिले समेत पूरे गढ़वाल मंडल में चक्का जाम है। उत्तरकाशी में अलग-अलग स्थानों पर वाहनों का संचालन रोका गया। देहरादून और पर्वतीय क्षेत्रों की यूनियनों का भी समर्थन मिला है।
व्यावसायिक वाहनों पर दो साल के टैक्स की छूट देने सहित कई अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे वाहन चालकों ने आज चक्का जाम किया है। सभी जीप और टैक्सियों का संचालन ठप है, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
