सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान-2026 के तहत THDC परिसर में विशेष कार्यशाला आयोजित

नई टिहरी। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान-2026 का व्यापक स्तर पर संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशों के अनुपालन में परिवहन विभाग एवं न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के संयुक्त तत्वावधान में टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के वर्कशॉप परिसर में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में परिवहन विभाग की ओर से मुख्य वक्ता बृजमोहन रावत ने चालकों, परिचालकों और कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय की गई छोटी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए यातायात नियमों का पालन जीवन रक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर उन्होंने सभी प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई और सुरक्षित ड्राइविंग से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के प्रतिनिधि विकास कुमार ने वाहन बीमा की अनिवार्यता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बीमा न केवल कानूनी आवश्यकता है, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में यह आर्थिक सुरक्षा भी प्रदान करता है। उन्होंने बीमा क्लेम प्रक्रिया और इससे मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यशाला का उद्देश्य चालकों को मानसिक रूप से जागरूक कर जिले में सड़क दुर्घटनाओं के ग्राफ को कम करना रहा। इस दौरान परिवहन विभाग, टीएचडीसी प्रबंधन और बीमा कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *