डोईवाला। टिहरी क्रांति के जननायक एवं अमर शहीद श्री देव सुमन की पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को जॉलीग्रांट स्थित सुमन चौक में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर डोईवाला के विधायक श्री बृजभूषण गैरोला, नगर पालिका परिषद डोईवाला के अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह नेगी, पूर्व मंडल महामंत्री रविन्द्र बेलवाल, जिला उपाध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी, जिला महामंत्री दीवान सिंह रावत, बख्तावर सिंह, आयुष पवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने अमर शहीद श्री देव सुमन के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, सत्य और जनसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि श्री देव सुमन के आदर्श आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं और युवा पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेकर राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने अमर शहीद श्री देव सुमन को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
