हरिद्वार/श्यामपुर। श्यामपुर के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। करीब तीन साल से बनकर तैयार खड़े प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में आखिरकार शनिवार से OPD सेवा शुरू हो गई है।
पहले ही दिन ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। दोपहर 12:30 बजे तक *19 मरीजों* का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाएं दी गईं। मरीजों की संख्या को देखते हुए अब केंद्र में बेड की जरूरत भी महसूस होने लगी है।
इलाज के साथ-साथ कानूनी जानकारी भी
केंद्र में एक अनोखी पहल भी देखने को मिली। इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरा लीगल वॉलंटियर मुकेश कुमार ने दवाओं के साथ-साथ कानूनी जानकारी भी दी। उन्होंने जरूरतमंद लोगों को प्राधिकरण की ओर से मिलने वाली *मुफ्त कानूनी सहायता, स्थायी लोक अदालत और प्रतिकर (Compensation)* से जुड़ी योजनाओं के बारे में जागरूक किया।
बता दें कि शुक्रवार को स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे और पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने इस PHC का विधिवत शुभारंभ किया था। OPD शुरू होने से श्यामपुर और आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को अब छोटे-मोटे इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
