नई टिहरी। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ऐश्वर्या रावत ने की, जबकि सरोज बहुगुणा विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
इस दौरान उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और उनके अधिकारों व हितों की रक्षा करना महिला आयोग की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई महिला घरेलू हिंसा की शिकार होकर थाने में शिकायत दर्ज कराने जाती है, तो पुलिस का दायित्व है कि उसकी शिकायत को गंभीरता से सुने और त्वरित कार्रवाई करे, जिससे महिलाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत हो।
जनसुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा से जुड़े विभिन्न मामलों पर चर्चा की गई। कई पीड़ित महिलाओं से फोन के माध्यम से भी जानकारी ली गई। कुछ मामले अन्य जनपदों और राज्यों से संबंधित पाए जाने पर उन्हें संबंधित स्थानों पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए।
अपने टिहरी दौरे के दौरान उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत ने जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान जिलाधिकारी ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
