नई टिहरी में जनता दरबार, 50 शिकायतों पर डीएम ने दिए सख्त निर्देश

नई टिहरी। जिला मुख्यालय स्थित सभागार में सोमवार को नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित किया गया। जनसुनवाई में दूरस्थ क्षेत्रों से आए लोगों ने पेयजल, ग्राम पंचायत, विद्युत, वन विभाग समेत विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 50 शिकायतें और आवेदन प्रस्तुत किए।

जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा निस्तारित मामलों को तत्काल पोर्टल पर अपडेट किया जाए।

भूमि विवाद पर एसएसपी को कार्रवाई के निर्देश

तहसील टिहरी के ग्राम सौड़ जड़ीपानी (ठांगधार) निवासी राजपाल चंद रमोला और विजयपाल चंद रमोला ने शिकायत की कि उनके पिता द्वारा वर्ष 2018 से 31 जनवरी 2026 तक कैंपिंग एवं कॉटेज व्यवसाय के लिए दी गई भूमि की अवधि पूर्ण होने के बावजूद द्वितीय पक्ष भूमि खाली नहीं कर रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने एसएसपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।

विद्यालय सुरक्षा हेतु बाउंड्री वॉल का प्रस्ताव

जौनपुर क्षेत्र से जयपाल सिंह कैरवाण ने ग्राम पंचायत कांडाजाख स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय के जंगल से सटे होने के कारण जंगली जानवरों के खतरे का मुद्दा उठाया। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल निर्माण हेतु अनटाइड फंड से स्वीकृति की मांग पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

राशन भुगतान और पुनर्वास मामला

तहसील मदननेगी के सुरेंद्र दत्त सूरी ने अगस्त 2025 में वितरित 50 राशन पैकेटों के लंबित भुगतान का मामला उठाया, जिस पर जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

वहीं, गम्भीर सिंह पंवार ने पुनर्वास स्थल पथरी भाग-3 पश्चिम, हरिद्वार में आवंटित कृषि भूखंड के कृषि योग्य न होने की शिकायत करते हुए उसे पथरी भाग-3 पूर्व में परिवर्तित करने का अनुरोध किया। इस पर प्रभारी अधिकारी (पुनर्वास) को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

विद्युत बिल की जांच के निर्देश

ग्राम मुडियागांव निवासी सज्जन सिंह ने घरेलू कनेक्शन को व्यावसायिक दर्शाकर अधिक बिजली बिल भेजे जाने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को तत्काल जांच कर राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।

जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, एसडीएम टिहरी स्नेहिल कुंवर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय, जिला विकास अधिकारी मो. असलम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *