Your Website Description

बदरीनाथ से देहरादून जा रहा हेलीकॉप्टर चाई गांव की पहाड़ी पर क्रैश, पायलट समेत छह लोगों की मौत

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा के लिए उड़ान भरने वाला ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर जोशीमठ तहसील के अंतर्गत चाई गांव की ऊपरी पहाड़ी पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:12 बजे बदरीनाथ धाम से देहरादून के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही हेलीकॉप्टर जोशीमठ क्षेत्र के चाई गांव की ऊपरी पहाड़ी पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया।

सेना और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं

हेलीकॉप्टर दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, भारतीय सेना, पुलिस, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें सक्रिय हो गईं। विभिन्न एजेंसियों की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्यों के साथ आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।

पायलट समेत छह लोगों की मौत की पुष्टि

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि 9 स्वतंत्र माउंटेन ब्रिगेड के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, सेना की टीम ने घटनास्थल पर हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत की पुष्टि की है। घटनास्थल पर संबंधित एजेंसियां आवश्यक कार्रवाई और आगे की प्रक्रिया में जुटी हुई हैं।

हेलीकॉप्टर सेवाओं की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में संचालित हेलीकॉप्टर सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में बदलते मौसम, कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और उड़ान संचालन से जुड़े सुरक्षा मानकों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *