
सादगी ने जीता श्रद्धालुओं का दिल
हेलीकॉप्टर से केदारनाथ धाम पहुंचीं सारा अली खान ने दर्शन के दौरान किसी विशेष व्यवस्था के बजाय आम श्रद्धालुओं के साथ कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया। धाम में उनकी मौजूदगी के बावजूद कई श्रद्धालु उन्हें पहचान नहीं पाए। बताया जा रहा है कि कड़ाके की ठंड के बीच कुछ महिलाओं ने उन्हें ठंड से बचाने के लिए शॉल देने की पेशकश भी की।
बाबा केदार के दर्शन के बाद सारा अली खान ने बाबा भुकुंट भैरव के दरबार में भी शीश नवाया। बर्फबारी के बीच उनकी यह यात्रा श्रद्धालुओं और उनके प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बन गई।
फिल्म ‘केदारनाथ’ से जुड़ा है बाबा के धाम से नाता
सारा अली खान का केदारनाथ धाम से खास जुड़ाव रहा है। वर्ष 2017 में अपनी पहली फिल्म ‘केदारनाथ’ की शूटिंग के दौरान उनका इस क्षेत्र से परिचय हुआ था। फिल्म की कहानी में केदारनाथ धाम और हिमालय की खूबसूरत वादियों की अहम भूमिका थी। इसके बाद भी सारा कई बार बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच चुकी हैं।
वर्ष 2023 में उन्होंने केदारनाथ के साथ तुंगनाथ मंदिर में भी दर्शन किए थे। अक्टूबर 2024 में भी वह बाबा केदार के दरबार में पहुंचीं। वहीं, 22 अक्टूबर 2025 को दर्शन के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा था, “अगले साल फिर बुलाना।” उनकी इस पोस्ट के बाद एक बार फिर केदारनाथ से उनके आध्यात्मिक जुड़ाव की चर्चा हुई थी।
काशी विश्वनाथ और महाकालेश्वर मंदिर में भी कर चुकी हैं दर्शन
सारा अली खान इससे पहले वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर और उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में भी दर्शन-पूजन कर चुकी हैं। वर्ष 2020 में उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की थी, जबकि वर्ष 2022 में उज्जैन पहुंचकर महाकालेश्वर मंदिर की भस्म आरती में हिस्सा लिया था।
धार्मिक स्थलों पर सारा अली खान की यात्राएं अक्सर सुर्खियों में रहती हैं। केदारनाथ धाम से उनका लगातार जुड़ाव भी उनके प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बना रहता है।
