सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत राजकीय प्रताप इंटर कॉलेज बौराड़ी में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

नई टिहरी। जनपद टिहरी गढ़वाल में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान-2026 के अंतर्गत सराहनीय पहल की गई। इसी क्रम में राजकीय प्रताप इंटर कॉलेज बौराड़ी में भव्य चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को बाल्यकाल से ही सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना रहा। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता, तेज रफ्तार से होने वाले हादसों के दुष्परिणाम, जेब्रा क्रॉसिंग एवं यातायात संकेतों के पालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों को अपनी चित्रकला के माध्यम से प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया। छात्रों की रचनात्मकता और संदेशों की स्पष्टता ने सभी को प्रभावित किया।

प्रतियोगिता के समापन पर निर्णायक मंडल द्वारा परिणाम घोषित किए गए, जिसमें साहिल ने प्रथम, समर ने द्वितीय तथा प्रवेश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। परिवहन विभाग की ओर से विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि मानव जीवन की रक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार व समाज को भी इसके लिए जागरूक करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *