केदारनाथ में ‘ॐ’ के दिव्य दर्शन से श्रद्धालु अभिभूत, मंदिर संग मिल रहे अलौकिक युगल दर्शन,

 

रुद्रप्रयाग।   बाबा केदार की पावन नगरी केदारपुरी में स्थापित भव्य ‘ॐ’ प्रतिमा इन दिनों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। गोल चौक में स्थापित ब्रास मिश्र धातु से निर्मित विशालकाय ‘ॐ’ के दर्शन कर श्रद्धालु आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त कर रहे हैं। खास बात यह है कि इसी स्थान से श्रद्धालुओं को बाबा केदारनाथ मंदिर के भी साक्षात दर्शन होते हैं, जिससे यहां ‘ॐ’ और केदारनाथ मंदिर के अद्भुत युगल दर्शन का दिव्य संगम देखने को मिल रहा है।

तीर्थयात्री इस अलौकिक दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर यादगार बना रहे हैं। गौरीकुंड से कठिन पैदल यात्रा कर पहुंचे यात्रियों के चेहरे पर दिखने वाली थकान, गोल चौक पहुंचते ही मानो गायब हो जाती है और 16 फीट लंबे तथा 15 फीट चौड़े विशाल ‘ॐ’ के दर्शन से उनके भीतर नई आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो जाता है।

लोक निर्माण विभाग गुप्तकाशी द्वारा वर्ष 2024 में इस भव्य संरचना की स्थापना कराई गई थी। लगभग 2 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह ‘ॐ’ जिंक और कॉपर से बनी विशेष ब्रास मिश्र धातु से तैयार किया गया है, जिसे स्टेनलेस स्टील के मजबूत ढांचे में स्थापित किया गया है। संरचना में स्टील की मोटाई 8 एमएम तथा ब्रास धातु की मोटाई 5 एमएम रखी गई है।

यह विशाल प्रतिमा 19 अलग-अलग हिस्सों में तैयार कर मानव संसाधनों के माध्यम से गौरीकुंड से केदारनाथ धाम तक पहुंचाई गई। कई महीनों की कठिन मेहनत के बाद केदारपुरी में इसकी स्थापना संभव हो सकी। प्रतिमा का दीर्घवृत्ताकार आधार लगभग 2 टन वजनी है, जबकि ऊपर स्थापित ‘ॐ’ अक्षर का भार करीब 5 टन बताया गया है। इसमें 37 प्रतिशत जिंक और 63 प्रतिशत कॉपर का उपयोग किया गया है।

लोक निर्माण विभाग गुप्तकाशी के अधिशासी अभियंता राजविंद सिंह ने बताया कि इस भव्य ‘ॐ’ की डिजाइन जर्मनी की एक विशेष संरचना से प्रेरित है। उन्होंने बताया कि निर्माण से पूर्व धातुओं की गुणवत्ता और मजबूती का परीक्षण नागपुर स्थित एनआईटी के विशेषज्ञों द्वारा लगभग छह माह तक किया गया।

वेदपाठी विश्व मोहन जमलोकी के अनुसार ‘ॐ’ में अकार, उकार और मकार समाहित हैं, जो भगवान शिव के विराट स्वरूप का सूक्ष्म प्रतीक माना जाता हैं। उन्होंने कहा कि ‘ॐ’ का उच्चारण मात्र ही मनुष्य को आध्यात्मिक ऊर्जा और पुण्य फल प्रदान करता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *