विधायक किशोर उपाध्याय ने अधिकारियों को दी नसीहत, जनता को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़े

नई टिहरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की महत्वाकांक्षी पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत टिहरी जनपद के दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में प्रशासन ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को विकासखंड चंबा की न्याय पंचायत देवरी और विकासखंड देवप्रयाग की न्याय पंचायत डोबरी में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके घर-द्वार पर उपलब्ध कराना और लंबे समय से लंबित समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करना था। प्रशासन की इस पहल से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं।

 

विकासखंड चंबा के देवरीतल्ली पंचायत भवन में आयोजित शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी टिहरी संदीप कुमार ने की। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवान और ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण ने शिविर का निरीक्षण किया। विधायक किशोर उपाध्याय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकार की मंशा है कि आम आदमी को छोटे-छोटे कार्यों के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने कहा कि न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित हो रहे ये शिविर तभी सफल माने जाएंगे जब जनता की समस्याओं का समयबद्ध और त्वरित समाधान हो।

 

शिविर में ग्रामीणों की 13 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से तीन का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इसके अलावा, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय चंबा की टीम ने डॉ. संदीप कटियार, अरविंद सेमवाल, हरीश भट्ट और सुरजीत चौहान के नेतृत्व में 42 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निशुल्क औषधियां वितरित कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *