सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त हुआ विभाग, बिना हेलमेट और लाइसेंस फर्राटा भरने वालों पर कसा शिकंजा

नई टिहरी।   जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के कड़े निर्देशों के अनुपालन में परिवहन और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभालते हुए टिहरी और चंबा क्षेत्र में एक व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस सघन प्रवर्तन अभियान का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाना और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करना था, ताकि सड़कों पर सुरक्षा का वातावरण बन सके।

इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दल ने मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले कुल 39 वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की। जांच में पाया गया कि कई चालक बिना हेलमेट, बिना पंजीकरण, बिना बीमा, बिना टैक्स और बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन दौड़ा रहे थे। इसके अलावा ओवरलोडिंग, तेज गति और हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (एचएसआरपी) के बिना वाहन चलाने वाले भी टीम की पकड़ में आए। नियमों की गंभीर अवहेलना करने पर मौके पर ही चार वाहनों को सीज कर दिया गया। अभियान के दौरान एक वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया, जिसे तत्काल गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *