उत्तराखंड फिल्म नीति 2024 का असर: एफटीआईआई से पढ़े तीन युवाओं को मिली छात्रवृत्ति

 

 

देहरादून। उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 का लाभ अब राज्य के युवाओं तक पहुंचने लगा है। उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद ने फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई), पुणे से पढ़ाई पूरी करने वाले राज्य के तीन युवाओं को छात्रवृत्ति की राशि जारी कर दी है।

 

फिल्म नीति-2024 के तहत एफटीआईआई, पुणे, सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान, कोलकाता तथा अन्य प्रतिष्ठित फिल्म संस्थानों में प्रवेश लेने वाले उत्तराखंड के स्थायी निवासी छात्र-छात्राओं को मेरिट के आधार पर पाठ्यक्रम पूरा करने और प्रमाणपत्र प्राप्त करने के बाद छात्रवृत्ति प्रदान करने का प्रावधान किया गया है। नीति के अनुसार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम शुल्क का 75 प्रतिशत तथा सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को 50 प्रतिशत तक छात्रवृत्ति दी जाती है।

 

उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने बताया कि रुद्रप्रयाग जिले के उखीमठ निवासी **प्रवीण सेमवाल** को एक वर्षीय स्नातकोत्तर सर्टिफिकेट कोर्स के लिए **65,682 रुपये**, चमोली जिले के हरनी (मुंदोली) निवासी **कविता** को दो वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा कोर्स के लिए **1,27,619 रुपये** तथा नैनीताल के तल्लीताल निवासी **देवेश भट्ट** को तीन वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा कोर्स के लिए **1,38,990 रुपये** की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। तीनों विद्यार्थियों ने एफटीआईआई, पुणे से अपनी पढ़ाई पूरी की है।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के युवा रचनात्मक प्रतिभा से समृद्ध हैं और राज्य सरकार उन्हें अपनी क्षमता निखारने तथा राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के माध्यम से फिल्म शिक्षा प्राप्त करने वाले युवाओं को छात्रवृत्ति देकर उनके सपनों को नई उड़ान देने का प्रयास किया जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *