सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था को हाईटेक बनाने के निर्देश

देहरादून: आनंद बर्धन की अध्यक्षता में सचिवालय सभागार में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, सोर्स सेग्रीगेशन और कूड़ा प्रोसेसिंग क्षमता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कूड़ा संग्रहण की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित किया जाए और स्रोत स्तर पर कचरे के पृथक्करण को प्रभावी रूप से लागू किया जाए। जिन क्षेत्रों में कूड़ा प्रोसेसिंग प्लांट की आवश्यकता है, वहां शीघ्र भूमि चयन कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा गया।

ऑनलाइन ट्रैकिंग सिस्टम होगा विकसित

मुख्य सचिव ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट से जुड़े वाहनों, चालकों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने के लिए ऑनलाइन ट्रैकिंग एवं मॉनिटरिंग सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही ड्यूटी एवं वेतन आधारित ऑटो सिस्टम लागू करने पर भी विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर जोर

शहरी निकायों में मशीनों और उपकरणों की कमी न रहे, इसके लिए आवश्यक संसाधन तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट में प्रचलित आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उनके प्रभावी उपयोग के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने को कहा गया।

देहरादून में GPS आधारित रियल-टाइम मॉनिटरिंग का ट्रायल

बैठक में जानकारी दी गई कि देहरादून में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की GPS आधारित रियल-टाइम मॉनिटरिंग का ट्रायल चल रहा है। इस प्रणाली के माध्यम से अधिकारी वाहनों की निगरानी कर सकेंगे, वहीं नागरिक भी कूड़ा वाहन की लोकेशन, आगमन समय और शिकायतें ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। शीघ्र ही इस मॉनिटरिंग वेबसाइट का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *