देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में समाज कल्याण विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने हेतु जनपद स्तर पर विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। यह शिविर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की एडिप योजना और राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत आयोजित किए गए।
समापन अवसर पर 657 उपकरण वितरित
राजधानी देहरादून में जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में सरदार महिपाल राजेंद्र जनजातीय (पीजी) सहिया, कालसी में आयोजित वितरण शिविर के समापन अवसर पर 657 सहायक उपकरण निशुल्क प्रदान किए गए।
छह विकासखंडों सहित शहरी क्षेत्रों में विशेष अभियान
जनपद की छह विकासखंडों, नगर पालिका एवं नगर निगम क्षेत्रों में आयोजित कुल 9 शिविरों के माध्यम से 3,447 सहायक उपकरण वितरित किए गए।

विकासखंडवार वितरण इस प्रकार रहा—
-
रायपुर – 297
-
सहसपुर – 693
-
विकासनगर – 103
-
डोईवाला – 709
-
नगर पालिका मसूरी – 241
-
नगर निगम ऋषिकेश – 433
-
कालसी सहिया – 657
-
लाखामंडल – 107
-
त्यूणी एवं कनासर – 237
लाभार्थियों को बैसाखी, ट्राइसाइकिल, छड़ी, व्हीलचेयर, कृत्रिम अंग, वॉकर, कमोड चेयर, कमर बेल्ट और श्रवण यंत्र जैसे उपकरण प्रदान किए गए।
आत्मनिर्भरता की ओर कदम
जिलाधिकारी सविन बंसल के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य दिव्यांगजनों और आर्थिक रूप से कमजोर वरिष्ठ नागरिकों को सहारा देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। सहायक उपकरण उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाने के साथ उनकी गतिशीलता और आत्मविश्वास में वृद्धि करेंगे।
लाभार्थियों ने इस पहल के लिए सरकार, जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

30 दिनों में पूरा हुआ लक्ष्य
समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि मात्र 30 दिनों के भीतर पात्र लाभार्थियों को निशुल्क उपकरण वितरित किए गए। उन्होंने जानकारी दी कि देहरादून स्थित प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र में सप्ताह के सातों दिन सहायक उपकरण वितरित किए जाते हैं। इसके लिए पात्र लाभार्थियों को मासिक आय प्रमाण पत्र एवं ग्राम प्रधान या पार्षद से प्रमाणित दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य है।
वितरण शिविर में बीडीओ कालसी जगत सिंह, प्रबंधक अनिल तोमर, सहायक समाज कल्याण अधिकारी खजान सिंह, डीडीआरसी देहरादून से कपिल पुनिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
