गढ़वाली फिल्म ‘बीरा’ का ट्रेलर, म्यूजिक और पोस्टर लॉन्च, सतपाल महाराज बोले- संस्कृति को दुनिया तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है सिनेमा

देहरादून। प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति, लोक निर्माण, सिंचाई एवं ग्रामीण निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने शनिवार को एक स्थानीय होटल में बालाजी प्रोडक्शन के बैनर तले बनी गढ़वाली फीचर फिल्म ‘बीरा’ का ट्रेलर, म्यूजिक और पोस्टर लॉन्च किया।

इस अवसर पर सतपाल महाराज ने कहा कि फिल्म केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज, संस्कृति, परंपराओं और हमारी जीवनशैली को देश-दुनिया तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम भी है।

उन्होंने फिल्म निर्माता धीरज पप्पू सिंह, निर्देशक देबू रावत, साथी कलाकारों और पूरी टीम को फिल्म के निर्माण के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। महाराज ने कहा कि उत्तराखंड की हिमालयी चोटियां, हरे-भरे वन, नदियां, झीलें, घाटियां, गांव और समृद्ध लोक परंपराएं फिल्म निर्माताओं के लिए किसी प्राकृतिक स्टूडियो से कम नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को फिल्म शूटिंग के लिए आकर्षक और सुविधाजनक डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में अधिक से अधिक फिल्मों, वेब सीरीज और अन्य ऑडियो-विजुअल प्रोजेक्ट्स की शूटिंग हो।

महाराज के अनुसार, इससे उत्तराखंड की खूबसूरती देश-दुनिया तक पहुंचेगी और स्थानीय युवाओं, कलाकारों, तकनीशियनों, होटल व्यवसायियों, परिवहन क्षेत्र तथा स्थानीय उद्यमियों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

पहाड़ के जीवन और रिश्तों की कहानी है ‘बीरा’

फिल्म ‘बीरा’ पहाड़ के सरल जीवन और बदलते समय के बीच खड़े उन लोगों की भावनाओं को सामने लाती है, जो अपने सपनों, रिश्तों और अपनी जड़ों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करते हैं।

फिल्म में शिवानी भंडारी, नियो फर्स्वाण और सूरज कोटनाला सहित कई अनुभवी एवं प्रतिभाशाली कलाकारों ने अभिनय किया है।

सतपाल महाराज ने कहा कि ‘बीरा’ पहाड़ की मिट्टी, रिश्तों की गर्माहट और अपनी जड़ों से जुड़े रहने की भावना को बड़े पर्दे पर उतारने वाली एक ऐसी सिनेमाई यात्रा है, जो दर्शकों को हंसाने के साथ भावुक भी करेगी और उन्हें अपनी मिट्टी से जुड़ाव का एहसास कराएगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि ‘बीरा’ दर्शकों के बीच अपनी विशेष पहचान बनाएगी और देश-विदेश के दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करने के साथ उन्हें पहाड़ की संस्कृति और जीवनशैली से परिचित कराएगी।

कार्यक्रम में लोक गायक कलाकार नरेंद्र सिंह नेगी सहित कई अन्य कलाकार एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *