घनसाली/टिहरी। जनपद टिहरी गढ़वाल के घनसाली में गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 41.21 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 13.43 करोड़ रुपये की 3 योजनाओं का लोकार्पण तथा 27.78 करोड़ रुपये की 5 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, पिलखी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के रूप में उच्चीकृत किए जाने का भी शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर अस्पताल हेतु भूमि दान करने वाले कृष्णा गैरोला एवं उनके परिवार को सम्मानित किया गया।
विकास कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन योजनाओं का शिलान्यास हो चुका है, उनका कार्य किसी भी स्थिति में रुकना नहीं चाहिए और शीघ्र लोकार्पण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है। इच्छाशक्ति होने पर संसाधनों की कमी भी दूर की जा सकती है।
स्वास्थ्य योजनाओं और डीबीटी पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से प्रत्येक परिवार को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। डीबीटी के जरिए योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रहा है।
नंदा गौरा योजना के तहत बेटियों को 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि घनसाली क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को शीघ्र सुदृढ़ किया जाएगा।

इंद्रमणि बडोनी को श्रद्धांजलि, उप-चिकित्सालय की घोषणा
मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए क्षेत्र की प्रमुख मांगों पर प्राथमिकता से कार्य करने का आश्वासन दिया। उन्होंने पिलखी बेलेश्वर क्षेत्र में उप-चिकित्सालय स्थापित करने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हजारों युवाओं को रोजगार दिया गया है और अवैध अतिक्रमण हटाकर सरकारी भूमि कब्जामुक्त कराई गई है। साथ ही होली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए ज्ञापन में शामिल योजनाओं को भी मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल करने का आश्वासन दिया।
विधायक ने रखीं 37 सूत्रीय मांगें
विधायक घनसाली शक्तिलाल शाह ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए 30 बेड अस्पताल, तीनगढ़ में पुनर्वास, बालगंगा पुल के लिए धनराशि, विद्यालय भवन निर्माण एवं बिजलीघर शिलान्यास जैसे कार्यों के लिए आभार जताया। उन्होंने अखोड़ी उच्चीकरण, थाती भटवाड़ा में बाढ़ सुरक्षा कार्य, धमातोली हाईस्कूल को इंटर कॉलेज में उच्चीकरण, मिनी स्टेडियम निर्माण, कोठार-सौड़ सड़क निर्माण तथा विभिन्न स्थानों पर उप स्वास्थ्य केंद्र स्थापना सहित 37 सूत्रीय मांगें भी रखीं।

इन योजनाओं का हुआ लोकार्पण
लोकार्पित योजनाओं में पीएमजीएसवाई के तहत धमातोली से घनसाली अखोड़ी मोटर मार्ग (वाया चांजी) अपग्रेडेशन, नागेश्वर सौड़ से गोना (वाया सरकंडा) मोटर मार्ग अपग्रेडेशन तथा विकासखंड भिलंगना अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज कोट विशन भवन का पुनर्निर्माण शामिल है।
इन योजनाओं का हुआ शिलान्यास
शिलान्यास की गई योजनाओं में विश्व बैंक पोषित यू-प्रिपेयर योजना के अंतर्गत हनुमान मंदिर के समीप 50 मीटर इंटरमीडिएट लेन स्टील गर्डर मोटर सेतु निर्माण, तहसील बालगंगा के आवासीय एवं अनावासीय भवन निर्माण, गंगी में स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उच्चीकरण शामिल है।
