देहरादून कैंट की सड़कों के सुधारीकरण के लिए 2.02 करोड़, कैंचीधाम बाईपास के लिए 21.73 करोड़ स्वीकृत; चम्पावत में मल्टीलेवल पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भी होगा निर्माण
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सड़क, पार्किंग, पुलिस एवं न्यायिक आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन प्रदान किया है। इन फैसलों के तहत देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र की आंतरिक सड़कों का सुधारीकरण, नैनीताल में कैंचीधाम बाईपास मोटर मार्ग का डामरीकरण, चम्पावत में मल्टीलेवल पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने देहरादून के कैंट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बसंत विहार सोसायटी की आंतरिक सड़कों का बीएम/एसडीबीसी तकनीक से सुधारीकरण करने के लिए 202.35 लाख रुपये यानी लगभग 2.02 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया है।

वहीं, नैनीताल जनपद के बेतालघाट विकासखंड में दूनीखाल से रातीघाट (पाडली) तक प्रस्तावित श्री कैंचीधाम बाईपास मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण के लिए 2173.60 लाख रुपये यानी लगभग 21.73 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इससे क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी और आवागमन सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
चम्पावत में मल्टीलेवल पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को मंजूरी
मुख्यमंत्री ने चम्पावत स्थित राजकीय कारागार लोहाघाट में प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग एवं अन्य कार्यों के लिए 6.73 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया है।
इसके अलावा रोडवेज स्टेशन चम्पावत में आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टोरी पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए कुल 6233.44 लाख रुपये के सापेक्ष शेष 1870 लाख रुपये यानी 18.70 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
छाम थाने के प्रशासनिक भवन के लिए 3.81 करोड़
टिहरी जनपद के अंतर्गत थाना छाम के प्रशासनिक भवन के निर्माण के लिए उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। मुख्यमंत्री ने इस कार्य के लिए 381.75 लाख रुपये यानी लगभग 3.81 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया है।
फायर स्टेशन गोपेश्वर में बनेंगे आठ आवास
चमोली जनपद के फायर स्टेशन गोपेश्वर में टाइप-द्वितीय श्रेणी के आठ आवासों के निर्माण के लिए 170.93 लाख रुपये यानी लगभग 1.70 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त करने की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे अग्निशमन विभाग के कार्मिकों के लिए आवासीय सुविधाओं का विकास होगा।
पुलिस अभिसूचना के लिए एक करोड़ रुपये अवमुक्त
वित्तीय वर्ष 2026-27 में अनुदान संख्या-10 के अंतर्गत पुलिस विभाग के अभिसूचना अधिष्ठान के गुप्त सेवा व्यय के लिए अनुपूरक बजट के माध्यम से प्रावधानित एक करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त करने का मुख्यमंत्री ने अनुमोदन दिया है।
न्यायिक अधिकारियों के लिए नए वाहन खरीदे जाएंगे
मुख्यमंत्री ने उच्च न्यायालय उत्तराखंड, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट टिहरी गढ़वाल और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पौड़ी गढ़वाल के शासकीय प्रयोजन के लिए नए वाहन खरीदने हेतु 27.21 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन भी प्रदान किया है।
इन स्वीकृतियों से प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सड़क कनेक्टिविटी, पार्किंग, पुलिस आधारभूत ढांचे, अग्निशमन विभाग की आवासीय सुविधाओं और न्यायिक व्यवस्थाओं को मजबूत करने से जुड़े विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
