नई टिहरी :
नई टिहरी में प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद भर में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना रहा।
जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों के तहत जनपद के तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। जनपद मुख्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल तथा मुख्य विकास अधिकारी वरुण अग्रवाल ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा देहरादून से प्रदेश की जनता को संबोधित किया गया, जिसका सजीव प्रसारण कार्यक्रम स्थल पर दिखाया गया।
विकास और योजनाओं पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि जनपद का विकास जनसहयोग, परिश्रम और विश्वास के बल पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य द्वारा विकास के नए आयाम स्थापित करने की बात कही। साथ ही समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर राज्य ने देश में नई मिसाल पेश की है।
उन्होंने सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता लाने के लिए लागू नकल विरोधी कानून का भी उल्लेख किया, जिसके माध्यम से युवाओं को निष्पक्ष रोजगार के अवसर मिले हैं। महिला सशक्तिकरण, शहीदों एवं राज्य आंदोलनकारियों के कल्याण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता भी उन्होंने दोहराई।
स्टॉल, स्वास्थ्य शिविर और सांस्कृतिक कार्यक्रम
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान “संकल्प से सिद्धि: विकसित उत्तराखंड” विकास पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।
स्कूली छात्र-छात्राओं एवं सांस्कृतिक दलों द्वारा उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें लोक नृत्य, लोक गायन और पारंपरिक कला का प्रदर्शन शामिल रहा।
स्वास्थ्य और कल्याणकारी गतिविधियां
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर, दिव्यांगजनों के लिए उपकरण वितरण तथा महिलाओं और बालिकाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए।
समाज कल्याण विभाग द्वारा पेंशन स्वीकृति, दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं सहायक उपकरण वितरित किए गए।
युवा कल्याण विभाग द्वारा मैराथन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।
कृषि विभाग ने स्वयं सहायता समूह को एसएमएएम योजना के तहत आटा चक्की एवं पावर वीडर के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की।
रोजगार और पंजीकरण अभियान
जिला सेवायोजन विभाग द्वारा युवाओं को कौशल विकास, स्वरोजगार एवं उद्यमिता से संबंधित जानकारी दी गई और पंजीकरण भी कराया गया।
इसके अलावा आयुष्मान कार्ड, ग्राम्य विकास, कृषि, पशुपालन, उद्यान, पूर्ति एवं महिला एवं बाल विकास विभागों द्वारा भी विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार एवं पंजीकरण किया गया।
