देहरादून में एलपीजी गैस की आपूर्ति सुचारू, जिलाधिकारी सविन बंसल ने किया निरीक्षण

देहरादून | 

डीएम सविन बंसल के निर्देशों के अनुपालन में देहरादून जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्रवार क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) गठित की गई है।

टीम ने आज जिले के विभिन्न क्षेत्रों में गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया और एलपीजी गैस की मांग, आपूर्ति तथा अन्य संबंधित गतिविधियों की पूरी जानकारी ली। ग्रामीण क्षेत्रों में एलपीजी बुकिंग की अवधि 45 दिन से घटाकर 25 दिन कर दी गई है, जिससे ग्रामीण उपभोक्ताओं को गैस अधिक समय पर उपलब्ध हो सके।

जिला प्रशासन ने 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 के माध्यम से प्राप्त कुल 33 शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की। कंट्रोल रूम में मौजूद जिला खाद्य पूर्ति विभाग की टीम एलपीजी गैस की आपूर्ति, सिलेंडर उपलब्धता या अन्य किसी समस्या के समाधान के लिए तत्पर है।

आज जिले में लगभग 10,424 घरेलू और 412 व्यवसायिक उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराए गए। वर्तमान में जिले में घरेलू एलपीजी का स्टॉक 34,487 और व्यवसायिक का 1,207 सिलेंडर उपलब्ध है। जिला प्रशासन ने बताया कि घरेलू और व्यवसायिक दोनों प्रकार के सिलेंडरों का लोड लगातार बढ़ाया जा रहा है, ताकि उपभोक्ताओं को कोई परेशानी न हो।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति निरंतर निगरानी और नियंत्रण में है और किसी भी समस्या को तुरंत दूर किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *