सेवा संकल्प अभियान को घर-घर पहुंचाएगी भाजपा, सीएम धामी बोले- विकसित भारत के साथ सेवा कार्यों को भी बढ़ाना है

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाले राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा ने प्रदेश में तैयारियां तेज कर दी हैं। हरिद्वार रोड कुआंवाला स्थित एक निजी प्रतिष्ठान में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारियों ने सेवा कार्यक्रमों को घर-घर तक पहुंचाने और जनभागीदारी बढ़ाने का संकल्प लिया।

यह अभियान देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से और उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन 16 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा कार्यक्रमों के माध्यम से चलाया जाएगा।

विकसित भारत के साथ सेवा कार्यों को भी आगे बढ़ाएं : धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित किया है। उनके जन्मदिन को सेवा कार्यक्रमों के माध्यम से मनाना उनके विचारों और कार्यशैली के अनुरूप है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार की उपलब्धियों के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना भी प्रधानमंत्री के कार्यों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों के कल्याण, महिलाओं के सशक्तीकरण, किसानों के सम्मान और युवाओं के लिए अवसरों के साथ समाज के विभिन्न वर्गों को नई पहचान मिली है। प्रधानमंत्री के प्रत्येक निर्णय में देशहित सर्वोपरि रहा है।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि विकसित भारत के निर्माण के साथ सेवा कार्यों को भी आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन से बेहतर सेवा कार्यों को गति देने का कोई अवसर नहीं हो सकता।

‘सत्ता शक्ति नहीं, सेवा का माध्यम’

अभियान के क्षेत्रीय संयोजक कुलदीप चहल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी जीवनचर्या से स्थापित किया है कि सत्ता शक्ति नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इसी मूलमंत्र को अपनाते हुए सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों के जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने केंद्रीय नेतृत्व को भरोसा दिलाया कि सेवा संकल्प अभियान में भी उत्तराखंड भाजपा संगठन देश में बेहतर प्रदर्शन करने वाला संगठन बनेगा।

प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में बनाई रणनीति

कार्यशाला में प्रदेशभर में आयोजित होने वाले सेवा कार्यक्रमों की रूपरेखा और संगठन की भूमिका पर चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने तथा सेवा गतिविधियों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

कार्यशाला को केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और संगठन से जुड़े कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *