देहरादून में सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती, 100 वार्डों की निगरानी के लिए तैनात होंगे 50 सेक्टर अधिकारी

 

हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद प्रशासन का बड़ा कदम, प्लास्टिक प्रतिबंध के साथ स्वच्छता अभियान की भी होगी नियमित निगरानी

 

देहरादून।   सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने के लिए देहरादून प्रशासन ने व्यापक अभियान शुरू करने का फैसला लिया है। मा. उच्च न्यायालय नैनीताल और आयुक्त गढ़वाल मंडल के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर नगर निगम देहरादून के सभी 100 वार्डों में निगरानी के लिए 50 सेक्टर अधिकारियों की तैनाती की गई है।

 

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा ने बताया कि अभियान के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रतिबंधित उत्पादों के विनिर्माण, आयात, भंडारण, वितरण, बिक्री और उपयोग के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। प्लास्टिक का निर्माण करने वाली औद्योगिक इकाइयों और फैक्ट्रियों का भी विशेष निरीक्षण किया जाएगा।

 

100 वार्डों में होगी नियमित निगरानी

 

सेक्टर अधिकारी अपने आवंटित वार्डों का नियमित भ्रमण करेंगे और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ की गई कार्रवाई की रिपोर्ट तैयार करेंगे। संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर कार्रवाई की रिपोर्ट जिला प्रशासन को उपलब्ध करानी होगी।

 

उच्च न्यायालय के निर्देशों के क्रम में संयुक्त आयुक्त (विवेचना/प्रवर्तन), राज्य कर, देहरादून को नोडल अधिकारी बनाया गया है। नोडल अधिकारी नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, ग्राम पंचायत और जिला पंचायत सहित संबंधित निकायों के साथ समन्वय कर प्लास्टिक प्रतिबंध का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएंगे।

 

प्लास्टिक के साथ स्वच्छता पर भी फोकस

 

नगर निगम देहरादून के सभी वार्डों में अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती भी की जाएगी। वहीं विकासनगर, हरबर्टपुर, डोईवाला, मसूरी और सेलाकुई क्षेत्र में संबंधित नगर निकायों को अपने-अपने क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र में नगर आयुक्त को नोडल अधिकारी बनाया गया है। यहां सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक के साथ स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। सफाई अभियान से पहले और बाद की स्थिति के गूगल फोटोग्राफ सहित रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध करानी होगी।

 

पुलिस भी करेगी अभियान में सहयोग

 

प्रशासन ने सभी उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के नगरीय निकायों में प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून से पुलिस क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को अभियान में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सहयोग देने के निर्देश जारी करने की अपेक्षा की गई है। पुलिस विभाग की ओर से भी नोडल अधिकारियों की तैनाती की जाएगी।

 

ग्रामीण क्षेत्रों में भी चलेगा जागरूकता अभियान

 

सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान को ग्रामीण क्षेत्रों तक भी पहुंचाया जाएगा। जिला पंचायत राज अधिकारी और अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर प्लास्टिक के उपयोग पर रोक और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

 

इसके अलावा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भी नोडल एवं सेक्टर अधिकारियों को अभियान में आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।

 

तीन दिन के भीतर देनी होगी कार्रवाई की रिपोर्ट

 

सेक्टर अधिकारियों को अपने आवंटित वार्डों का नियमित निरीक्षण कर सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ की गई कार्रवाई की गूगल फोटोग्राफ सहित रिपोर्ट तीन दिन के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

 

स्वच्छता अभियान के दौरान जहां भी कूड़ा जमा मिला या गंदगी दिखाई दी, वहां सफाई कराने के बाद सफाई से पहले और बाद के गूगल फोटोग्राफ सहित प्रतिदिन रिपोर्ट देनी होगी।

 

प्रशासन ने सभी नोडल, सह-नोडल और सेक्टर अधिकारियों को प्रतिदिन जनजागरूकता अभियान चलाने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी के निर्देशों के तहत यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *