देहरादून में समाधान दिवस: 87 शिकायतें पहुंचीं, जमीन विवाद और कब्जे के मामलों पर प्रशासन सख्त

 

बिन्हार में भूसर्वेक्षण व बंदोबस्त की मांग से लेकर आर्थिक सहायता तक के मामले पहुंचे; एडीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

 

देहरादून। जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में कुल 87 शिकायतें दर्ज की गईं।

 

जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, अवैध कब्जे, जमीन में धोखाधड़ी, सुरक्षा दीवार, बारिश से क्षतिग्रस्त पुश्ते और आर्थिक सहायता से जुड़े मामले प्रमुखता से सामने आए। एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 

सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत, एसडीएम को कार्रवाई के निर्देश

 

समाधान दिवस में मारूति विहार (राझांवाला) में खसरा संख्या 442 की सरकारी भूमि पर कथित भू-माफियाओं द्वारा कब्जे की शिकायत सामने आई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम सदर को तत्काल कार्रवाई कर सरकारी भूमि से कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए।

 

वहीं रानीपोखरी क्षेत्र में जमीन खरीदने वाले एक सैनिक की भूमि पर किसी अन्य व्यक्ति द्वारा मकान बनाए जाने का मामला भी सामने आया। शिकायतकर्ता ने प्रॉपर्टी डीलर पर भूमि खरीद में फर्जीवाड़े का आरोप लगाया। रजिस्ट्री और दाखिल-खारिज होने के बावजूद विवाद सामने आने पर तहसीलदार और एसएचओ ऋषिकेश को मामले की जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

 

निजी भूमि पर कब्जे और अतिक्रमण की शिकायतें

 

राजपुर रोड निवासी मधु गुप्ता ने ईस्ट होप टाउन स्थित अपनी निजी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। मामले में एसडीएम और सीओ पुलिस को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

 

इसी तरह नेहरूग्राम में पशु चिकित्सालय मार्ग पर एक मैकेनिक द्वारा किए गए अतिक्रमण की शिकायत पर एसडीएम सदर को जांच के निर्देश दिए गए।

 

बिन्हार क्षेत्र में भूसर्वेक्षण और बंदोबस्त की मांग

 

भारतीय किसान संघ ने बिन्हार क्षेत्र की ग्राम पंचायतों माटोगी, मदर्सू, भलेर, पष्टा, पपड़ियान और बावनधार में भूसर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कराने की मांग रखी। इस मामले में एसडीएम विकासनगर को मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।

 

ग्राम पंचायत गढ़बुरांसखंडा (रायपुर) की प्रधान पूनम देवी ने बुरांसखण्डा-गढ़ मोटर मार्ग के सर्वेक्षण की सीमा को लेकर उत्पन्न विवाद के समाधान की मांग की। मामले के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।

 

सुरक्षा दीवार और क्षतिग्रस्त पुश्ते की भी उठी मांग

 

ग्राम पंचायत कंडोगल में नाले से खेतों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग पर सिंचाई विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

 

वहीं लाडपुर में बारिश के कारण क्षतिग्रस्त पुश्ते और आवासीय भवन में आई दरार के मामले में नगर निगम को जांच कर आवश्यक सुरक्षा दीवार निर्माण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

 

भरण-पोषण और धमकी का मामला भी पहुंचा समाधान दिवस

 

रीठा मंडी मुस्लिम कॉलोनी निवासी सबनम ने शिकायत की कि न्यायालय के आदेश के बावजूद उनके पति द्वारा भरण-पोषण की धनराशि नहीं दी जा रही है और केस वापस लेने के लिए उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है। मामले में सीओ पटेल नगर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

 

उच्च शिक्षा और बेटी की पढ़ाई के लिए मांगी आर्थिक मदद

 

समाधान दिवस में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से जुड़े मामले भी सामने आए। साक्षी रावत ने उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। वहीं अनुशका ने अपनी बेटी की पढ़ाई जारी रखने के लिए नंदा सुनंदा योजना के तहत फीस के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

 

‘सिर्फ सुनवाई नहीं, धरातल पर समाधान जरूरी’

 

अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों को केवल औपचारिक सुनवाई तक सीमित न रखा जाए। प्रत्येक मामले का स्थलीय परीक्षण और नियमानुसार प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को समय पर न्याय मिल सके।

 

समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई दीक्षांत गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *