मालागूंठी में दो वाहनों की जोरदार भिड़ंत, कार में फंसे चार लोगों को SDRF ने सुरक्षित निकाला

 

हादसे में तीन महिलाएं और एक पुरुष घायल, पुलिस के साथ SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

 

ऋषिकेश। मालागूंठी क्षेत्र में सोमवार को दो वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद स्विफ्ट कार में चार लोग फंस गए। सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

 

जानकारी के अनुसार, चौकी ब्यासी को दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मुख्य आरक्षी मोहन सिंह के नेतृत्व में SDRF रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

 

कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त

 

मौके पर पहुंचने पर पता चला कि भारी वाहन और स्विफ्ट कार (UK12F5035) के बीच टक्कर हुई थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चार लोग वाहन के भीतर फंस गए।

 

कार में तीन महिलाएं और एक पुरुष सवार थे।

तकनीकी उपकरणों से चारों को सुरक्षित निकाला

 

SDRF टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों और तकनीकी दक्षता का इस्तेमाल करते हुए क्षतिग्रस्त कार में फंसे चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

 

हादसे में घायल सभी लोगों को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

 

SDRF और स्थानीय पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे सभी चार घायलों को समय रहते बाहर निकालकर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *