गोपेश्वर: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अगली सरकार कांग्रेस बनने का दावा किया

गोपेश्वर। बिरही के बेडू बगड़ में आयोजित जनजाति समागम समारोह में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड में अगली सरकार कांग्रेस की ही बनेगी। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि लोग अब कांग्रेस की ओर नजरें लगाए बैठे हैं।

गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में विपक्ष की अनदेखी की जा रही है और लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि कांग्रेस की सरकार आने पर विपक्ष को पूरा सम्मान और आदर दिया जाएगा।

विधानसभा सत्र पर उठाए सवाल

गोदियाल ने विधानसभा सत्र की अवधि को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गैरसैण में सत्र केवल पांच दिन का रखा गया है, जिससे 70 विधायकों को अपने सवाल पूछने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहा। उन्होंने सरकार से सत्र को 30 दिन तक बढ़ाने का सुझाव दिया, ताकि विधायकों को सीएम के विभागों से जुड़े सवालों के जवाब मिल सकें।

जनजाति समाज और कांग्रेस का योगदान

उन्होंने जनजाति समाज की ऐतिहासिक भूमिका का उल्लेख किया और कहा कि कांग्रेस सरकार ने जनजाति समाज को आरक्षण और शिक्षा में प्रोत्साहन देकर आगे बढ़ाया है। गोदियाल ने बताया कि समाज ने चिपको नेत्री गौरादेवी से लेकर कई प्रमुख हस्तियों को जन्म दिया है और युवा पीढ़ी को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अभी भी इस समाज की है।

इस अवसर पर लखपत बुटोला, जोशीमठ की पालिकाध्यक्ष देवेश्वरी शाह, ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेश डिमरी सहित कई नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लोक गायक किशन महिपाल ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह में समां बांधा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *