पौड़ी में बजट पूर्व संवाद कार्यक्रम: मुख्यमंत्री धामी ने सुने जनप्रतिनिधियों और हितधारकों के सुझाव

पौड़ी। जनपद पौड़ी के रांसी स्थित बहुउद्देश्यीय भवन में पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में बजट पूर्व संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए जनप्रतिनिधियों, कृषकों, उद्यमियों, महिला समूहों, व्यापारियों और पर्यटन व्यवसायियों ने भाग लेकर आगामी बजट के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ऐसा जनहितकारी बजट तैयार करना है, जो प्रदेश की जमीनी आवश्यकताओं और क्षेत्रीय विशेषताओं के अनुरूप हो। उन्होंने कहा कि बजट केवल आय-व्यय का दस्तावेज नहीं, बल्कि विकसित उत्तराखंड के निर्माण का रोडमैप है।

विभिन्न क्षेत्रों से मिले अहम सुझाव

संवाद के दौरान ग्रामीण विकास, कृषि, पर्यटन, उद्योग, महिला सशक्तिकरण, ऊर्जा और शहरी आधारभूत ढांचे से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त हुए।
कृषि क्षेत्र में पर्वतीय खेती, बागवानी, कोल्ड स्टोरेज और क्लस्टर आधारित खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
पर्यटन क्षेत्र में होमस्टे को रियायती ऋण, छोटे पर्यटन स्थलों के विकास और स्थानीय उत्पादों के विपणन की मांग रखी गई।
उद्योग एवं एमएसएमई क्षेत्र में पूंजीगत सब्सिडी और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के सुझाव दिए गए।

जनसहभागिता से तैयार होगा बजट

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट निर्माण की प्रक्रिया को पारदर्शी और सहभागी बनाया गया है। सीमांत क्षेत्रों सहित पूरे प्रदेश में संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

उन्होंने आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी सुझावों का गंभीरता से परीक्षण कर उन्हें आगामी बजट में यथासंभव शामिल किया जाएगा।

कार्यक्रम में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, वित्त सचिव दिलीप जावलकर और जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *