नई टिहरी: जिला जनगणना हस्तपुस्तिका प्रशिक्षण के तृतीय दिवस में अधिकारियों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

 

नई टिहरी। जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के प्रकाशन को लेकर आयोजित चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के तृतीय दिवस का प्रशिक्षण जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी नितिका खण्डेलवाल की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

 

प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कार्मिकों को सतर्कता, संयम और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि सीखने की प्रक्रिया निरंतर चलती रहती है और प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान भविष्य में बेहतर कार्य निष्पादन के साथ समाज और देश के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।

 

उन्होंने सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी विषय में शंका होने पर खुलकर प्रश्न पूछें और उसका समाधान प्राप्त करें। उन्होंने चार्ज अधिकारियों को अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।

 

अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि प्रशिक्षण के प्रथम चरण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। उन्होंने प्रतिभागियों से दूसरे चरण के प्रशिक्षण को भी गंभीरता एवं ध्यानपूर्वक ग्रहण करने को कहा, ताकि जनगणना से संबंधित सभी कार्य समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरे किए जा सकें।

 

ग्राम और नगर स्तर के आंकड़ों के सत्यापन की दी गई जानकारी

 

प्रशिक्षण के दौरान तहसील गजा, नरेंद्रनगर, देवप्रयाग एवं नैनबाग तथा नगर पंचायत गजा और नगर पालिका परिषद देवप्रयाग के चार्ज अधिकारियों, क्षेत्रीय अधिकारियों एवं राजस्व उपनिरीक्षकों को जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करने की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया।

 

अधिकारियों को ग्राम एवं नगर स्तर पर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं के अद्यतन अभिलेखीकरण, संबंधित प्रपत्रों के संकलन, आंकड़ों के सत्यापन तथा जनगणना कार्य से जुड़े तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

 

प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना निदेशालय, उत्तराखण्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिला जनगणना हस्तपुस्तिका से जुड़े कार्यों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करना सुनिश्चित करना रहा।

 

इस अवसर पर जनगणना निदेशालय, उत्तराखण्ड के मास्टर ट्रेनर पंकज सिंह एवं नीरज कुमार, जिला कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी केशव गैरोला, जिला कार्यालय के कार्मिक तथा प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *