ऋषिकेश। लक्ष्मणझूला क्षेत्र में बजरंग सेतु के समीप गंगा नदी में स्नान के दौरान एक 22 वर्षीय युवक तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ, पुलिस और जल पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
एसडीआरएफ के अनुसार, घटना बुधवार सुबह करीब 10 बजे की है। युवक अपने तीन दोस्तों के साथ लक्ष्मणझूला घूमने आया था। सभी गंगा में स्नान कर रहे थे, तभी एक युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गया।

लापता युवक की पहचान शिवांशु राज (22) पुत्र अनूप पांडे, निवासी पश्चिम चंपारण (बेतिया), बिहार के रूप में हुई है। वह वर्तमान में नई दिल्ली के नेहरू प्लेस स्थित चावला हाउस में रहकर एक निजी कंपनी में कार्यरत था।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला की टीम डीप डाइविंग उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम नदी की गहराइयों में सघन तलाशी अभियान चला रही है। साथ ही घटनास्थल से पशुलोक बैराज तक संभावित स्थानों पर भी खोजबीन की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल पाया था और सर्च ऑपरेशन जारी था।

घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। मौके पर लक्ष्मणझूला पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं खोज अभियान में जुटी हुई हैं।
एसडीआरएफ ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि मानसून के दौरान गंगा नदी का जलस्तर और बहाव काफी तेज रहता है। ऐसे में प्रतिबंधित या असुरक्षित स्थानों पर स्नान न करें तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित घाटों का ही उपयोग करें।
