रिवर्स पलायन को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाए विभाग: मुख्यमंत्री

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में ग्राम्य विकास एवं पलायन निवारण आयोग की बैठक हुई। बैठक में पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने, रिवर्स पलायन को बढ़ावा देने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई।

 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को स्वरोजगार एवं आजीविका योजनाओं की जानकारी गांव स्तर पर सरल तरीके से उपलब्ध कराई जाए और योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रियाओं को आसान बनाया जाए।

 

उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक ज्ञान और कौशल के आधार पर रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता और ब्रांडिंग पर ध्यान देते हुए उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जाए।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि रिवर्स पलायन के लिए गांवों में रोजगार के साथ बेहतर आजीविका, सुविधाएं और संभावनाएं विकसित करनी होंगी। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से परिणामोन्मुखी कार्य करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *