देहरादून।
300 मेगावाट क्षमता वाली राष्ट्रीय महत्व की लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना को वर्ष 2031 तक पूरा करने के लक्ष्य के साथ यूजेवीएनएल ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने परियोजना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगभग पांच घंटे तक समीक्षा बैठक कर मिशन मोड में कार्य करने और समयबद्ध माइक्रो-लेवल कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
बैठक में मुख्य सचिव द्वारा परियोजना की समय-सीमा वर्ष 2034 से घटाकर 2031 किए जाने के बाद बांध निर्माण, डाइवर्जन, सुरंग, भूमिगत विद्युतगृह, कंक्रीटिंग और हाइड्रो-मैकेनिकल कार्यों सहित सभी प्रमुख गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को कार्यदायी संस्था के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर नियमित मॉनिटरिंग और त्वरित निर्णय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने कहा कि लखवाड़ परियोजना उत्तराखंड की ऊर्जा सुरक्षा, सिंचाई, पेयजल उपलब्धता और आर्थिक विकास से जुड़ी राष्ट्रीय महत्व की परियोजना है। उन्होंने सभी अधिकारियों और अभियंताओं से गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए चेतावनी दी कि लापरवाही या अनावश्यक विलंब किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा निर्धारित समयसीमा का पालन न करने पर संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
