स्व. साईं दास तलवाड़ की 37वीं पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि, सामाजिक योगदान को किया याद

 

 

डोईवाला: साईं सृजन पटल कार्यालय, साईं कुटीर जोगीवाला में स्व. साईं दास तलवाड़ की 37वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके सामाजिक, शैक्षिक और धार्मिक क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

 

सभा को संबोधित करते हुए स्व. साईं दास तलवाड़ के ज्येष्ठ पुत्र, सेवानिवृत्त प्राचार्य एवं साईं सृजन पटल के संयोजक प्रो. के. एल. तलवाड़ ने कहा कि उनके पिता ने जीवनभर समाजसेवा और रचनात्मक कार्यों को प्राथमिकता दी। उनके योगदान को देखते हुए श्री आदर्श रामलीला समिति (रजि.), उत्तरकाशी द्वारा उन्हें मरणोपरांत ‘उत्तरकाशी गौरव सम्मान–2017’ से सम्मानित किया गया।

 

प्रो. तलवाड़ ने बताया कि स्व. साईं दास तलवाड़ वर्ष 1952 से लगातार 25 वर्षों तक श्री आदर्श रामलीला समिति के व्यवस्थापक एवं कोषाध्यक्ष रहे। उत्तरकाशी में आयोजित सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही। 18 जुलाई 1990 को 70 वर्ष की आयु में उत्तरकाशी में उनका निधन हुआ।

 

मेधावी विद्यार्थियों को दी जाती है छात्रवृत्ति

 

प्रो. तलवाड़ ने बताया कि पिता की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए विभिन्न महाविद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को ‘स्व. श्री साईं दास तलवाड़ मेधावी छात्रवृत्ति’ प्रदान की जाती है। इसके तहत विद्यार्थियों को नकद राशि, मेडल और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाता है।

 

उन्होंने बताया कि स्व. साईं दास तलवाड़ की स्मृति में जोगीवाला स्थित साईं कुटीर में अगस्त 2024 में साईं सृजन पटल की स्थापना की गई। ‘उत्तराखंड में लेखन और सृजन के लिए सदैव प्रतिबद्ध’ के उद्देश्य के साथ यहां से साईं सृजन पटल मासिक पत्रिका का नियमित प्रकाशन किया जा रहा है। पत्रिका के अब तक 23 अंक प्रकाशित हो चुके हैं, जबकि 24वां विशेषांक 31 जुलाई को जारी किया जाएगा।

 

साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय है साईं सृजन पटल

 

साईं सृजन पटल के माध्यम से ‘लेखक श्री सम्मान’, समाचार लेखन प्रशिक्षण, स्थापना दिवस पर प्रतिभा सम्मान समारोह सहित साहित्य, पत्रकारिता और रचनात्मक गतिविधियों का लगातार आयोजन किया जा रहा है।

 

श्रद्धांजलि सभा में पत्रिका के उप संपादक अंकित तिवारी, सह संपादक अमन तलवाड़, लेखिका नीलम तलवाड़ और इंसाइडी क्रिएटिव मीडिया के सीईओ अक्षत तलवाड़ ने स्व. साईं दास तलवाड़ के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *