नई टिहरी। टिहरी गढ़वाल की जिलाधिकारी नीतिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनी गईं। कार्यक्रम में कुल 82 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा करते हुए एक माह से अधिक समय से लंबित मामलों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जिला योजना के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश भी दिए।
मानसून को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को मुख्यालय पर उपस्थित रहने और हर समय अलर्ट मोड में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को आपदा की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक मशीनरी और संसाधनों की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। वहीं विद्युत, पेयजल और पूर्ति विभागों को भी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
जनता मिलन के दौरान विकासखंड घनसाली के ग्राम चांजी तल्ली की सोहनलता रावत ने बिना अनुमति उनके खेत में विद्युत ट्रांसफार्मर और दो बिजली के पोल स्थापित किए जाने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
तहसील नैनबाग के ग्राम मोगी निवासी आशीष दास ने स्वयं के अस्थायी मानसिक दिव्यांगता से पीड़ित होने, पिता के निधन के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने तथा चिकित्सा और आजीविका संबंधी कठिनाइयों से अवगत कराया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय, जिला विकास अधिकारी मो. असलम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
