देहरादून। उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में खेल विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर नई खेल नीति-2026 को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश की मौजूदा खेल नीति-2021 में समय और वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप बदलाव करते हुए नई खेल नीति-2026 तैयार की जा रही है। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और आधुनिक खेल ढांचा उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि नई खेल नीति तैयार करने के लिए खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और आम नागरिकों से सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। प्राप्त उपयोगी सुझावों को नई नीति में शामिल करने के साथ ही सुझाव देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
मंत्री ने बताया कि इच्छुक नागरिक अपने सुझाव 15 दिनों के भीतर खेल विभाग के वेब पोर्टल, ईमेल, डाक अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से खेल निदेशालय को भेज सकते हैं। सुझाव भेजने के लिए खेलो उत्तराखंड पोर्टल का उपयोग किया जा सकता है।
रेखा आर्या ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक सुझाव देकर नई खेल नीति-2026 को प्रभावी और खिलाड़ियों के हित में बनाने में अपना योगदान दें।
