राज्य आंदोलनकारी चिन्हीकरण: दो आवेदनों को मिली मंजूरी, 8 निरस्त

18 प्रकरणों पर अभिलेखों के आधार पर अगली बैठक में होगा पुनर्विचार

नई टिहरी। राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण को लेकर जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में गठित समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य आंदोलनकारी के रूप में चिन्हीकरण के लिए प्राप्त 28 आवेदन पत्रों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

अभिलेखों और पात्रता मानकों के परीक्षण के बाद समिति ने दो आवेदनों को सर्वसम्मति से राज्य आंदोलनकारी के रूप में चिन्हीकरण के लिए स्वीकृति दी। वहीं 18 आवेदनों को आवश्यक अभिलेख उपलब्ध होने के आधार पर आगामी बैठक में पुनर्विचार के लिए रखने का निर्णय लिया गया। आठ आवेदन शासनादेश में निर्धारित पात्रता मानकों पर खरे नहीं उतरने के कारण निरस्त कर दिए गए।

समिति द्वारा चयनित आवेदकों में ओम प्रकाश भट्ट निवासी विधि विहार, नई टिहरी तथा स्वर्गीय तोता सिंह निवासी ग्राम कुमाली, पट्टी कुजणी, टिहरी शामिल हैं।

वहीं जगत सिंह निवासी जौनपुर, तहसील धनौल्टी, वीरेंद्र सिंह निवासी जौनपुर, तहसील धनौल्टी और उस्मान निवासी नई टिहरी सहित आठ आवेदकों के प्रकरण निर्धारित पात्रता पूरी नहीं करने के कारण निरस्त किए गए।

लंबित प्रकरणों पर अगली बैठक में होगा फैसला

समिति ने सुंदरमणि निवासी ग्राम बडोन, तहसील कीर्तिनगर, विक्रम सिंह बिष्ट निवासी नई टिहरी तथा विद्या नेगी निवासी बौड़ाड़ी, नई टिहरी सहित अन्य लंबित प्रकरणों को आवश्यक अभिलेखों के परीक्षण के बाद आगामी बैठक में पुनर्विचार के लिए प्रस्तुत करने का निर्णय लिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *