खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को लोहियाहेड हेलीपैड स्थित कैंप कार्यालय में जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा राज्य सरकार का मूल उद्देश्य है और आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर प्रभावी समाधान करने को कहा, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि” के मंत्र के साथ कार्य कर रही है। शासन और प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक होगी, जब आम नागरिक को उसकी समस्या का शीघ्र और संतोषजनक समाधान मिले। मुख्यमंत्री ने जनहित से जुड़े मामलों में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं और जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने खटीमा कैंप कार्यालय में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए। उन्होंने 27 दिव्यांगजनों को 77 सहायक उपकरण तथा 22 वरिष्ठ नागरिकों को 113 सहायक उपकरण प्रदान किए। इनमें 11 बैटरी रिक्शा, 14 व्हीलचेयर, 18 कमोड चेयर, 6 ट्राइसाइकिल, 24 हियरिंग मशीन, 40 नी-ब्रेस, 13 बैसाखियां सहित वॉकर, वॉकिंग स्टिक, सिलिकॉन कुशन और सीपी चेयर शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने ग्रामोत्थान रीप योजना के अंतर्गत नारी शक्ति ग्राम संगठन, गदरपुर एवं सत्यमेव जयते सीएलएफ, बाजपुर को बोलेरो वाहन तथा एकता सीएलएफ, गदरपुर को फूड वैन की चाबी भी सौंपी। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को संसाधन उपलब्ध कराकर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
