नई टिहरी में जिला स्तरीय पंच सम्मेलन एवं जल उत्सव आयोजित, जल संरक्षण और ग्रामीण रोजगार पर दिया गया जोर

नई टिहरी। क्रीड़ा हॉल नई टिहरी में विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) तथा स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (सारा) के अंतर्गत जिला स्तरीय पंच सम्मेलन एवं जल उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने कहा कि मिशन के तहत जल संरक्षण, सिंचाई, जल स्रोतों का पुनर्जीवन, भूजल पुनर्भरण, वाटरशेड विकास, वनीकरण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में ग्राम पंचायतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और जनसहभागिता के माध्यम से जल संरक्षण को स्थायी स्वरूप दिया जा सकता है।

सीडीओ ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसके अंतर्गत ग्रामीण परिवारों को वर्ष में 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। साथ ही ग्राम पंचायतों को अधिक अधिकार देते हुए स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों का दायरा भी बढ़ाया गया है। उन्होंने योजना की पात्रता, कार्य स्वीकृति प्रक्रिया, श्रमिकों के अधिकार तथा पारदर्शी क्रियान्वयन के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में सारा के हाइड्रो जियोलॉजिस्ट डॉ. पंकज शेकवाल ने प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण, पुनर्जीवन, वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण तथा जलागम विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों पर विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से आए ग्राम प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *