थारू जनजाति संवाद में सीएम धामी ने सुनीं समस्याएं, शिक्षा, आवास और रोजगार योजनाओं को बताया प्राथमिकता

 

खटीमा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को खटीमा में आयोजित थारू जनजाति संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग कर थारू समाज के प्रतिनिधियों से संवाद किया और उनकी समस्याएं, सुझाव तथा अपेक्षाएं सुनीं। इस अवसर पर उन्होंने बीएसएफ के एवरेस्ट विजेता मोहन सिंह राणा और आईटीबीपी के एवरेस्ट विजेता टीला सेन को सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि अटल आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में जनजातीय परिवारों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उधम सिंह नगर में अटल आवास योजना के तहत लगभग तीन करोड़ रुपये की सहायता दी गई है, जबकि जनमन आवास योजना के तहत पहले चरण में 824 और दूसरे चरण में 101 आवास स्वीकृत किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय विद्यार्थियों के लिए आश्रम पद्धति विद्यालयों, छात्रावासों, आईटीआई संस्थानों और एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों को सुदृढ़ किया जा रहा है। खटीमा में बालिका छात्रावास के लिए चार करोड़ रुपये तथा बाजपुर में विद्यालय और छात्रावास निर्माण के लिए 16 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। गदरपुर में 100 बेड का बालक छात्रावास और थारू राजकीय इंटर कॉलेज के खेल मैदान, ऑडिटोरियम एवं भवन के आधुनिकीकरण का कार्य भी जारी है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और वन धन केंद्रों के माध्यम से जनजातीय महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। महिलाओं को एक करोड़ रुपये से अधिक की चक्रीय निधि और आठ करोड़ रुपये से अधिक की निवेश सहायता प्रदान की गई है। साथ ही सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम, पेयजल, बिजली, गैस कनेक्शन और जनजातीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर भी सरकार लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में धर्मांतरण रोकने के लिए सख्त कानून लागू किया गया है और नशे के खिलाफ केंद्र व राज्य सरकार संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनजातीय समाज के प्रत्येक परिवार को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना, युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और बेटियों को शिक्षा एवं सशक्तिकरण से जोड़ना है।

कार्यक्रम के दौरान थारू समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने समाज की संस्कृति, परंपराओं और विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *