देहरादून।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले ‘एट होम रिसेप्शन’ में उत्तराखंड की गर्विता भाकुनी राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी। अल्मोड़ा की लोअर मॉल रोड निवासी गर्विता का चयन देशभर से चुने गए पांच युवा आपदा मित्र कैडेट्स में किया गया है।
गर्विता राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की युवा आपदा मित्र कैडेट हैं। उनके अलावा कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मिजोरम और नागालैंड से भी एक-एक युवा आपदा मित्र कैडेट का चयन इस प्रतिष्ठित समारोह के लिए हुआ है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गर्विता भाकुनी को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उत्तराखंड के युवाओं की सेवा भावना, अनुशासन और आपदा प्रबंधन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा के समय स्थानीय समुदाय और प्रशिक्षित युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार युवाओं को आपदा प्रबंधन तंत्र से जोड़ रही है, ताकि वे राहत एवं बचाव कार्यों में प्रभावी योगदान दे सकें।

आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के सहयोग से संचालित युवा आपदा मित्र योजना के तहत उत्तराखंड में 4,310 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें एनसीसी, एनएसएस, मेरा युवा भारत (एमवाईबी) तथा भारत स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवक शामिल हैं। अब तक लगभग 2,700 युवाओं को खोज एवं बचाव, प्राथमिक उपचार, निकासी, आपातकालीन प्रतिक्रिया, सामुदायिक जागरूकता और आपदा जोखिम न्यूनीकरण का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
गर्विता भाकुनी ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में आयोजित ‘एट होम रिसेप्शन’ में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि युवा आपदा मित्र के रूप में मिला प्रशिक्षण उन्हें समाज की सेवा के लिए प्रेरित करता है और वह भविष्य में भी आपदा प्रबंधन एवं जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहकर अन्य युवाओं को भी इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगी।
