देहरादून में राष्ट्रपति उद्यान का निर्माण अंतिम चरण में, डीएम ने किया निरीक्षण

 

देहरादून।

राजपुर रोड स्थित ऐतिहासिक राष्ट्रपति आशियाना परिसर में 132 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किए जा रहे अत्याधुनिक राष्ट्रपति उद्यान का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्था को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक शुक्रवार को परियोजना की प्रगति की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि यह परियोजना केवल एक पार्क नहीं, बल्कि देहरादून की नई पहचान बनेगी। हरियाली, पर्यटन, स्वास्थ्य संवर्धन और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाला यह उद्यान प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर के पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र होगा।

अधिकारियों के अनुसार विद्युत विभाग का लगभग 80 प्रतिशत और उद्यान विभाग का करीब 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उद्यान में थीम पार्क, कैफेटेरिया, फूड कोर्ट, 2,700 मीटर लंबा जॉगिंग, साइकिलिंग एवं वॉकिंग ट्रैक तथा प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव कराने के लिए 840 मीटर लंबा बोर्डवॉक तैयार किया जा रहा है।

इसके अलावा 800 दर्शकों की क्षमता वाला ओपन एयर थिएटर, योगा पवेलियन, व्यूइंग एवं वॉटरफॉल डेक, आधुनिक स्पोर्ट्स जोन और विशाल लीची गार्डन भी विकसित किए जा रहे हैं। स्पोर्ट्स जोन का लगभग 50 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।

 

 

आगंतुकों की सुविधा के लिए उद्यान में तीन भव्य प्रवेश द्वार और अत्याधुनिक पार्किंग व्यवस्था भी विकसित की जा रही है। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) की देखरेख में केबीजी इंजीनियर्स फर्म द्वारा कराए जा रहे सिविल कार्यों में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर भी उन्होंने जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *