रुद्रप्रयाग। केदारनाथ हाईवे पर निर्माण कार्य में लगी कंपनी का चोरी हुआ ट्रैक्टर बरामद करते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने देहरादून के सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र से ट्रैक्टर बरामद किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, गणपति कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रतिनिधि रोहित ने 31 जुलाई को कोतवाली अगस्त्यमुनि में शिकायत दर्ज कराई थी कि कंपनी का स्वराज ट्रैक्टर (यूके-14 सीए-3656), जो केदारनाथ हाईवे पर निर्माण कार्य में लगा था, 22 जुलाई को कार्य समाप्त होने के बाद नई सुरंग के पास खड़ा किया गया था। अगले दिन ट्रैक्टर मौके से गायब मिला। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार की गई जांच के बाद पुलिस ने देहरादून के सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र से चोरी किया गया ट्रैक्टर बरामद कर लिया और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
