नई टिहरी। जनपद टिहरी के विकासखंड जाखणीधार की ग्राम सभा गेवंली में नई उमंग कृषक उत्पादक संगठन द्वारा स्थापित जैविक आउटलेट का उद्घाटन किशोर उपाध्याय ने किया। यह आउटलेट कृषि विभाग की नमामि गंगे योजना के अंतर्गत स्थापित किया गया है।
इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय ने किसानों से अपने जैविक उत्पादों को आउटलेट के माध्यम से विपणन करने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे उत्पादों का उचित मूल्य किसानों को प्राप्त होगा और उनकी आय में वृद्धि होगी।
कार्यक्रम के दौरान कृषक उत्पादक संगठन के अध्यक्ष सीताराम भट्ट ने जैविक उत्पादों के विपणन से जुड़ी चुनौतियों और बाजार उपलब्धता की समस्याओं को प्रमुखता से रखा।
कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी पवन कुमार काला ने किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डा. आलोक येवले, डा. पंकज कुमार एवं डा. रीना जोशी सहित कृषि विभाग के अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
