चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र से शुरू हुआ अभियान, सभी पात्र श्रमिकों का पंजीकरण-नवीनीकरण कराने के निर्देश
सतपुली (पौड़ी गढ़वाल)। प्रदेश में श्रमिकों के पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है। उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UKBOCW) के तहत प्रदेश में पहली बार चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विशेष शिविरों का असर अब दिखाई देने लगा है। पिछले चार दिनों में विकासखंड स्तर पर आयोजित शिविरों के माध्यम से 2779 से अधिक श्रमिक कार्ड बनाए जा चुके हैं।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जब तक सभी पात्र श्रमिकों का पंजीकरण और नवीनीकरण नहीं हो जाता, तब तक यह अभियान आगे भी जारी रखा जाए।
गांव-गांव शिविर लगाकर हो रहा पंजीकरण
बुधवार को सतपुली स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में श्रम विभाग की ओर से आयोजित श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सतपाल महाराज ने श्रमिकों और स्थानीय लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य श्रमिकों को पंजीकरण के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाना है। इसी उद्देश्य से अलग-अलग स्थानों पर शिविर लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में मनरेगा के 9.5 लाख सक्रिय श्रमिकों को भी उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है। 90 दिन काम पूरा करने वाले मनरेगा श्रमिक भी अब बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के पात्र हो सकेंगे।
महाराज ने कहा कि श्रमिकों के लिए समय पर पंजीकरण के साथ नियमित नवीनीकरण भी जरूरी है। नवीनीकरण नहीं कराने पर पंजीकरण निष्क्रिय हो जाता है और पात्र होने के बावजूद श्रमिक विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने से वंचित हो सकते हैं।
अंतिम पंक्ति तक पहुंचाना है योजनाओं का लाभ
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार श्रमिकों को केवल श्रमशक्ति नहीं, बल्कि उत्तराखंड की विकासशक्ति मानती है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘श्रम एव जयते’ के मंत्र को धरातल पर उतारने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के निर्माण और विकास में श्रमिकों की भूमिका सर्वोपरि है। कोई भी श्रमसाध्य कार्य श्रमिकों के बिना संभव नहीं है। सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाना है। ब्लॉक स्तर पर लगाए जा रहे शिविर इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं, जहां लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है।
हर पात्र श्रमिक को मिले योजनाओं का लाभ
सतपाल महाराज ने श्रम विभाग के अधिकारियों को शिविरों का समय बढ़ाने और प्रत्येक पात्र श्रमिक का पंजीकरण एवं नवीनीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र श्रमिक को अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत श्रमिकों के लिए संचालित पुत्री विवाह अनुदान, पुत्र-पुत्री की शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति, चिकित्सा सहायता, मातृत्व लाभ, औजार सहायता और दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक सहायता जैसी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र श्रमिक को समयबद्ध तरीके से मिलना चाहिए।
उन्होंने श्रमिकों के परिश्रम को नमन करते हुए कहा, “आपका श्रम ही हमारे प्रदेश की प्रगति की आधारशिला है। आपकी खुशहाली और समृद्धि के लिए सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है।”
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
कार्यक्रम के दौरान महाराज ने भाजपा संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ भी चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को क्षेत्रीय जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। अनुपस्थित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
