कुंभ मेला-2027 के लिए केंद्र का बड़ा फैसला, उत्तराखंड को 8,029 मीट्रिक टन अतिरिक्त गेहूं-चावल आवंटित

हरिद्वार। वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेले को देखते हुए केंद्र सरकार ने उत्तराखंड के लिए अतिरिक्त खाद्यान्न का आवंटन किया है। भारत सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार राज्य को 3,051.079 मीट्रिक टन गेहूं और 4,978.073 मीट्रिक टन चावल अतिरिक्त रूप से आवंटित किए गए हैं।

इस तरह कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के मद्देनजर उत्तराखंड को कुल 8,029.152 मीट्रिक टन अतिरिक्त गेहूं और चावल उपलब्ध कराया जाएगा।

NFSA के तहत मिलता है अतिरिक्त खाद्यान्न

भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार कुंभ जैसे बड़े धार्मिक एवं जनसमूह वाले आयोजनों के लिए संबंधित राज्य को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत वार्षिक खाद्यान्न आवंटन का अधिकतम दो प्रतिशत तक अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित किया जा सकता है।

इसी व्यवस्था के तहत उत्तराखंड सरकार ने केंद्र से कुंभ मेले को देखते हुए अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित करने का अनुरोध किया था। राज्य के अनुरोध के बाद भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने यह अतिरिक्त आवंटन मंजूर किया है।

सीएम धामी ने पीएम मोदी का जताया आभार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला-2027 को सुव्यवस्थित और भव्य रूप से आयोजित करने के लिए राज्य सरकार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारु व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त खाद्यान्न का आवंटन मेले के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *